शुक्रवार, 19 जून 2015

करुणाशील राजा देपालदे भाटी

देपालदे की कहानी सदियों पुरानी है | सिंध के उत्तरी शिरे पर बसा शहर देपालदेपुर उनकी कीर्ति का साक्षी है | यदुवंशी भाटी जब थार के रेगिस्तान में आए तब केहर के पुत्र राव तणु ने तणुकोट की स्थापना की, जिसे आज कल ‘तन्नौट’ नाम से पुकारा जाता है | इनके भाई कुँवर जाम की संतान ‘भाटिया’ नाम से ख्यातिप्राप्त व्यावसायी है| कहा भी गया है –
‘नख चौरासी भाटिया केहर रौ कुळ जाण |’
इसी राव तणु के एक राजकुमार जयतुंग के वंशज थे- देपालदे | इस जयतुंग के वंशजों के बसाए गाँव-कस्बे थार में कोल्हासर, गिरिराजसर, नगरासर आदि नामों से आज भी ख्यात है | देपालदे की राजधानी बीकमपुर थी, जो पहले पूगल और बाद में जैसलमेर रियासत में मिल गई थी | इन्ही देपालदे की उदारता और करुणा की यह कहानी लोक अत्यंत चाव से सदियों से एक दूसरे को सुनाता आ रहा है |
एक बार की बात है कि देपालदे अपने एक सैनिक के साथ अपनी प्रजा का हाल जानने निकले | वे दयालू प्रकृति के राजा थे | अभावग्रस्त की सहायता करतेथे | वे भेष बदल कर घूम रहे थे | वर्षा हो चुकी थी | किसान अपने खेतों में हल चला रहे थे | खुशनुमा माहौल था | देपालदे का मन-मयूर नाच उठा | अचानक उनके सामने एक अजीबोगरीब नजारा आ खड़ा हुआ | एक किसान हल चला रहा था और एक तरफ बैल जुता था तथा दूसरी ओर एक बैल की जगह एक स्त्री हल में जुती हुई थी | देपालदे किसान के पास पहुंचे और नम्रता से किसान को इसका कारण पूछा| किसान उग्र स्वभाव का था | उसने देपालदे की तरफ टेडी नजर से देखा और हल चलाता रहा | देपालदे ने पास जाकर उसे स्त्री को हल से अलग करने का कहा | किसान इस बार और उग्र होकर बोला – ‘मेरी पत्नी है, चाहे जैसे रखूंगा, तुझे दया आ रही है तो बैल लाकर दे दे | मेरे पास एक ही बैल है |’
देपालदे ने साथ के सैनिक को बैल लेकर आने को कहा | सैनिक चला गया पर किसान रुका नहीं, हल चलाता रहा| हल चलता ही नहीं रहा अपितु बैल के साथ ही साथ स्त्री को भी कौड़े मारने लगा | देपालदे से यह सब देखा नहीं गया , वे बोले –
‘भले आदमी रुक जा, मेरा आदमी बैल लेकर आ ही रहा है |’
किसान तो एक ही तरह का आदमी था | आवेशित होकर बोला –
‘देख नहीं रहा है, मेरा खेत सूखा जा रहा है ? तुझे ज्यादा ही दया आ रही है तो तूं आकर हल में जुत जा |’
यह कह कर उसने फिर स्त्री पर कौड़ा फटकारा | देपालदे ने इस बार किसान को रोका और स्त्री की जगह खुद हल में जुत गए | किसान हल चलाता रहा | उसने एक दो कौड़े भी देपालदे पर फटकार दिए | हल की दो ओड़ें ( बीज बोई लकीरें ) देपालदे ने पूरी की,तब तक उनका सैनिक बैल लेकर आ गया | देपालदे को किसान ने मुक्त कर दिया |
किसान की इस बार फसल भरपूर हुई | पूरा खेत बाजरी की बालियों से लद गया | उसकी ख़ुशी का पार नहीं रहा |
‘पर यह क्या हुआ?’ किसान सोच रहा था | जिन दो ओड़ों में देपालदे ने हल चलाया था, उस कतार की बालियों में एक भी दाना नहीं था | किसान ने फिर देपालदे को एक गाली दी –
‘ कैसा कर्महीन राजा था, जहां हल चलाया उन बालियों में दाना तक नहीं पड़ा |’
तब तक वह जान चुका था कि बैल दिलाने वाला व्यक्ति और कोई नहीं उस अंचल के राजा देपालदे थे | किसान सारी बालियाँ काटने के बाद पशुओं के चारे के लिए सूखी हुई घाड़ें ( डंठल ) काटने लगा | सारे खेत की सफाई करने के बाद वह उन दो लकीरों के डंठलों के पास आया | उसके मन में राजा के प्रति अब भी रोष था | अनमना सा उन डंठलों को काटने लगा | लोक आख्यानों की जुबान पर कथा है कि उन सूखी बालियों से मोती झरे | किसान उन मोतियों की गंठड़ी बाँध कर देपालदे के दरबार में पहुंचा | किसान चारण था, कविता करने वाला | राजपूत राजाओं के दरबार में मान पाने वाला | देपालदे ने सम्मान पूर्वक कहा – ‘ आओ देवीपुत्र ! कैसे आना हुआ ?
चारण ने गंठड़ी दरबार में नीचे रखी और उसे खोला | दरबारियों की आँखें चौंधिया गई | झिलमिलाते मोती, आबदार मोती गंठड़ी में भरे पड़े थे | लोग कुछ समझते इससे पहले चारण किसान ने दोहा कहा –
‘जे जाणूं जिण बार, नग कण मोती नीपजै |
(तो) बातो वारो ही वार, देव तनै देपालदे ||’
( हे देवतुल्य देपालदे ! अगर में यह जानता कि तुम्हारे हल चलाने से मोतियों की फसल निपजेगी, तो मैं पूरे खेत में तुझसे ही हल चलवाता |)
यह दोहा आज भी लोग देपालदे के सम्मान में कहते हैं | समझदार कहते हैं कि किसान की भरपूर फसल हुई और खूब धन आया | इसलिए मोतियों की गंठड़ी भर गई | कवि कहते हैं कि देपालदे ने एक स्त्री का मान रखा इसलिए प्रतीक में उनके हल चलाने को ‘मान के मोती’ कहा | कारण जो भी हो एक करुणाशील राजा की इस कथा को लोक सदियों से दोहराता हुआ कहता है कि देपालदे ने जहां हल चलाया था ‘वहां मोती निपजे थे |’

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें